अमेरिकी राष्ट्रपति के वियतनाम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
जी20 शिखर सम्मलेन में शामिल होने भारत आये अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन अपनी भारत यात्रा के बाद वियतनाम पहुंचे हैं। वियतनाम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने पीएम मोदी से मानवाधिकारों और स्वतंत्र प्रेस के बारे में बात की है। अमेरिकी राष्ट्रपति की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी पर तंज कसा है।
दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति अपना भारत दौरा ख़त्म कर वियतनाम पहुंचे। वहां पहुंचकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित किया। जिसमे उन्होंने कहा “मैंने भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ मानवाधिकारों के सम्मान और एक मजबूत समृद्ध देश के निर्माण में नागरिक संस्थाओं और स्वतंत्र प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका के महत्व को उठाया।” अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर हमला किया है।
जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पीएम मोदी बाइडेन से कह रहे थे कि न प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा, न करने दूंगा। ” उन्होंने कहा कि इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। जयराम नरेश ने ये आरोप भी लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की टीम को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले मीडिया से बातचीत करने और पीएम मोदी के साथ उनकी बैठक के बारे में जवाब देने की अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने ने यह भी कहा कि यह कोई चौंकाने वाली बात नहीं है क्योंकि पीएम मोदी के राज में इसी तरह लोकतंत्र चलता है।
