पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के आवास में घुसा संदिग्ध , सुरक्षा में बड़ी चूक, संदिग्ध को किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आयी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास में एक संदिग्ध व्यक्ति घुसने की कोशिश कर रहा था। संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से हथियार भी बरामद हुआ। संदिग्ध व्यक्ति पुलिस का स्टिकर लगी गाड़ी से यात्रा कर रहा था। फ़िलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने बताया “कोलकाता पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास लेन में घुसने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को रोका, उस व्यक्ति की पहचान शेख नूर अमीन के नाम से हुयी। जब पुलिस ने शेख नूर अमीन की तलाशी की तो उसके पास से एक चाकू और प्रतिबंधित पदार्थ और कई आईडी कार्ड बरामद हुए। पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी पुलिस का स्टिकर लगी गाड़ी से यात्रा कर रहा था। फ़िलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसटीएफ और विशेष जाँच शाखा आरोपी से पूछताछ कर रही है और जाँच कर रही है।

परिजनों ने बताया आरोपी मानसिक रूप से बीमार

आरोपी के परिजनों ने बताया है कि शेख नूर अमीन मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि आरोपी कैसे कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंच गया। परिजनों ने यह भी बताया कि शेख नूर अमीन काफी समय से अपने ससुर के घर मेदिनीपुर में रह रहा था और सोमवार को कोलकाता के लिए रवाना हुआ था।

वैसे तो मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम रहते हैं। लेकिन तृणमूल कांग्रेस शुक्रवार को धर्मतला में शहीद दिवस का आयोजन कर रही है। इस कारण धर्मतला और उसके आसपास और मुख्यमंत्री आवास पर अतिरिक्त सुरक्षा के इंतज़ाम किये गए थे। सूत्रों के मुताबिक आरोपी शेख नूर अमीन के बैग से हथियार और ड्रग्स बरामद हुए हैं। जब आरोपी को पकड़ा गया उस समय आरोपी मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित मिलान संघ क्लब के गेट से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसके पास से विभिन्न संघटनों के कार्ड भी बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *