छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने चुनाव से ठीक पहले टीएस सिंह को नियुक्त किया डिप्टी सीएम, सीएम ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ में इसी साल विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। विधान सभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा फैसला लिया। कांग्रेस ने छतीसगढ़ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बना दिया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बधाई दी। राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को काका और टीएस सिंह को बाबा बुलाया जाता है। छत्तीसगढ़ को लेकर दिल्ली में हाईकमान की बैठक हुयी। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंह पहुंचे। इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ विवाद को सुलझाने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर बधाई दी कहा “हैं तैयार हम. महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनायें”।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने टीएस सिंह देव को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। वह एक वफादार कांग्रेस नेता और एक सक्षम प्रशासक हैं। डिप्टी सीएम के तौर पर उनकी सेवाओं से राज्य को काफी फायदा होगा। हमें विश्वास है कि छत्तीसगढ़ की जनता खरगे जी और राहुल जी के नेतृत्व में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत से दुबारा चुनेगी”।
दरअसल पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद पार्टी के आलाकमानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि राज्य का मुख्यमंत्री किसको बनाया जाये। अंत में भूपेश बघेल को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। तभी से दोनों नेताओं के बीच में खटास आ गयी थी। दोनों नेताओं को कई मौकों पर साथ में भी देखा गया। लेकिन अभी बीते दिनों से दोनों नेताओं के बीच में खटास की खबरे फिर से आने लगी थी। लेकिन अब दोनों नेताओं की एक साथ की तस्वीरें कांग्रेस के आलाकमानों के लिए शुभ संकेत है।
