जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम को दोबारा मिली बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रमुख खेल मैदान सवाई मान सिंह स्टेडियम को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बीते पांच दिनों में यह दूसरी बार है जब स्टेडियम को लेकर ऐसी चेतावनी ईमेल के ज़रिए दी गई है। सोमवार, 12 मई की सुबह जयपुर क्रीड़ा परिषद को एक धमकी भरा मेल मिला, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

सुबह से जारी है तलाशी अभियान

धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद स्टेडियम को खाली कराया गया और पुलिस की टीमें वहां जांच के लिए पहुंच गईं। सुबह करीब 11 बजे से तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसमें बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एंटी-सबोटेज टीम्स भी शामिल हैं। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं और पूरे स्टेडियम परिसर की गहन जांच की जा रही है।

पहले भी चुकी है ऐसी धमकी

यह पहली बार नहीं है जब सवाई मान सिंह स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। 8 मई को भी एक ऐसा ही मेल जयपुर क्रीड़ा परिषद को भेजा गया था। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ईमेल्स की भाषा और उद्देश्य लगभग समान हैं। मेल में लिखा गया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का बदला लेने के लिए स्टेडियम को निशाना बनाया जाएगा।

जयपुर मेट्रो को भी मिली थी धमकी

सिर्फ स्टेडियम ही नहीं, बल्कि 9 मई को जयपुर मेट्रो को भी धमकी भरा मेल भेजा गया था जिसमें मेट्रो ट्रेन को उड़ाने की बात कही गई थी। इस मेल के बाद मेट्रो स्टेशन और ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया। मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस, विदेशी लिंक की आशंका

राजस्थान पुलिस और साइबर सेल की टीमें लगातार इन धमकी भरे मेल्स की जांच कर रही हैं। प्राथमिक जांच में मेल पाकिस्तान से भेजा गया बताया जा रहा है, लेकिन इस दावे की पुलिस पुष्टि नहीं कर पाई है और अभी तकनीकी स्तर पर जांच जारी है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि क्या यह मेल किसी साइबर अपराधी या आतंकी संगठन की ओर से भेजा गया है।

आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों का स्थल है एसएमएस स्टेडियम

गौरतलब है कि सवाई मान सिंह स्टेडियम न केवल घरेलू मैचों का, बल्कि आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का भी प्रमुख स्थल है। मौजूदा आईपीएल सत्र का एक और मैच इस स्टेडियम में होना बाकी है, जिसके चलते इस तरह की धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।

जयपुर के एसएमएस स्टेडियम को बार-बार बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी चरम पर है। हालांकि अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, फिर भी किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए हर सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं। राजस्थान पुलिस की साइबर और इंटेलिजेंस टीमें लगातार धमकी भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *