पंजाब में सीएम भगवंत मान ने हड़ताल पर गए तहसीलदारों को दी वार्निंग
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में हड़ताल पर गए तहसीलदारों को वार्निंग दी है। उन्होंने कहा कि यदि तहसीलदार अपनी हड़ताल जारी रखते हैं, तो सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार जनता की सेवा में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं करेगी।
दरअसल पंजाब में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गयी कार्रवाई के विरोध में तहसीलदारों ने 7 मार्च तक सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। इससे राज्य भर की तहसीलों में कामकाज ठप हो गया है, जिससे आम जनता को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
सीएम ने दी तहसीलदारों को चेतावनी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस हड़ताल पर कड़ा रुख अपनाते हुए तहसीलदारों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने ट्वीट किया, “तहसीलदार अपने भ्रष्टाचारी साथियों के समर्थन में हड़ताल कर रहे हैं पर हमारी सरकार रिश्वत के सख्त खिलाफ है। आम लोगों की परेशानियां रोकने के लिए तहसील के अन्य अधिकारियों को तहसील के सारे कामों की जिम्मेदारी दी जा रही है ताकि लोगों के काम ना रुकें। तहसीलदारों को सामूहिक छुट्टी मुबारक, पर छुट्टी के बाद कब या कहां ज्वॉइन करवाना है, यह लोग फैसला करेंगे।”
सरकार ने सभी तहसीलदारों को आज शाम 5 बजे तक ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए हैं। यदि वे निर्धारित समय तक काम पर नहीं लौटते हैं, तो उन्हें निलंबित माना जायेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी सुनुश्चित किया है कि आम जनता के कार्य बाधित न हों, इसलिए तहसील के अन्य अधिकारीयों को आवश्यक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
