दिल्ली की हार के बाद आप ने हरियाणा नगर निगम चुनाव के लिए शुरू की तैयारी
दिल्ली विधानसभा में मिली हार के बाद अब आम आदमी पार्टी हरियाणा में होने वाले नगर निगम के चुनावों की तैयारी में लग गयी है। पार्टी ने हरियाणा नगर निगम चुनाव के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न नगर निगमों में मेयर पद के लिए उम्मीदवार उतारे हैं। हरियाणा में 2 मार्च को नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं और आप इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
आम आदमी पार्टी ने फरीदाबाद से निशा दलाल, रोहतक से अमित खटक, सोनीपत से डॉ कमलेश कुमार सैनी, सिरसा से कविता नगर और पानीपत से प्रीतपाल खेड़ा को मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया है।
संजय सिंह ने किया प्रचार
फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में आप ने वार्ड-26 से कंचन मिश्रा, वार्ड- 24 से राघव ठाकुर, वार्ड-28 से सोनू सिसोदिया और वार्ड-30 से राहुल बैंसला को पार्षद पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने फरीदाबाद में मेयर पद की प्रत्याशी निशा दलाल और अन्य पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित किया।
दिल्ली चुनाव में मिली हार के बाद आप ने अब हरियाणा में अपनी सक्रियता बढ़ाई है। पार्टी को उम्मीद है कि नगर निगम चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य अपनी उपस्थिति को मजबूत करेगी। वहीँ बीजेपी और कांग्रेस ने भी अपने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिससे अब मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।
वहीँ फरीदाबाद की जनता विभिन्न मुद्दों पर वोट करने की तैयारी कर रही है। जिसमे कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, सीवरेज, पानी और शिक्षा से सम्बंधित समस्याएं हैं। कई मतदाता बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं और विकास कार्यों पर जोर दे रहे हैं।
