चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने बांग्लादेश को हराया, मैच को लेकर फैंस ने सोशल मीडिया पर दिया अपना रिएक्शन
20 फरवरी को चैंपियंस ट्रॉफी का दूसरा मैच और भारतीय टीम का पहला मैच खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के और 9 चौकों की मदद से 101 रन बनाये। इस शानदार पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए भारत को 229 रन का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। लेकिन रोहित शर्मा के आउट होने के बाद मैच कुछ धीमा हो गया। एक समय 144 रन पर भारत के 4 विकेट आउट हो चुके थे। लेकिन के एल राहुल ने गिल का अच्छा साथ दिया। के एल राहुल ने 47 गेंदों पर 41 रन की शानदार पारी खेली और भारतीय टीम को जीत तक लेकर गए।
गिल के शतक को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस का रिएक्शन
सोशल मीडिया पर फैंस ने शुभमन गिल के शतक को लेकर अलग अलग रिएक्शन दिए। फैंस को लगता है कि उनके इस शतक में केएल राहुल का भी हाथ है, उन्होंने अपने अर्धशतक की कुर्बानी देकर गिल के शतक को पूरा होने दिया। फैंस को लगता है कि अगर राहुल आउट हो जाते तो हार्दिक पांड्या आकर बड़े शॉट्स लगाते और गिल का शतक पूरा नहीं होने देते।
एक यूजर ने एक्स पर लिखा, “केएल राहुल ने वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली के शतक के लिए अपने अर्धशतक की परवाह नहीं की थी और आज गिल के लिए ऐसा किया। आप इतने सेल्फलेस क्यों हो।”
एक और यूजर ने लिखा, “धन्यवाद केएल राहुल, आप आउट नहीं हुए और आपके हार्दिक पांड्या को बल्लेबाजी के लिए नहीं आने दिया।”
