दिल्ली के जंगपुरा में अमित शाह ने की रैली, अपने सम्बोधन में विपक्ष पर किया जोरदार हमला
दिल्ली में विधानसभा के लिए मतदान को अब केबल दो दिन ही शेष रह गए हैं। उससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जंगपुरा में एक रैली की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने न केबल देश के साथ धोखा किया है बल्कि जनता से भी झूठे वादे किये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये का घोटाला करने वाले इन नेताओं ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त और कूड़ा मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
मनीष सिसोदिया पर साधा निशाना
अपने सम्बोधन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आप नेता और जंगपुरा से आप के प्रत्याशी मनीष सिसोदिया पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में मंदिर और गुरुद्वारों के पास शराब के ठेके खुलवा दिए। साथ ही वे वह व्यक्ति हैं जो शराब घोटाले में जेल गए। अब ये पटपड़गंज को छोड़कर जंगपुरा आ गए हैं। गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया और उनकी पार्टी ने दिल्लीवालों के साथ धोखा किया है। दिल्ली के लोग अब सच्चाई जान चुके हैं और चुनाव में इसका हिसाब लेंगे।
केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र
अमित शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने धारा 370 को खत्म किया और अब कश्मीर एक पर्यटन स्थल बन चुका है, जबकि विपक्ष ने इसके बारे में केवल नकारात्मक बयान दिए थे। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है। बीजेपी ने देश से आतंकवाद को खत्म करने का वादा किया था और इसे पूरा किया। पाकिस्तान के उरी और पुलवामा हमलों के बाद मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा में मजबूती दिखाई।”
जनता से मतदान करने की अपील की
गृहमंत्री ने अपने सम्बोधन में जनता के सामने बीजेपी की संकल्पों रखा। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता से मतदान वाले दिन बीजेपी के समर्थन में मतदान करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी ही है जो अपने वादों को पूरा करती है और देश की सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देती है।
