दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन को लेकर उठने लगे सवाल

दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीख का एलान कर दिया है। चुनाव आयोग ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फ़रवरी को मतदान का एलान किया है। इसके साथ ही 8 फ़रवरी को चुनाव का परिणाम घोषित किया जायेगा।

अब इंडिया गठबंधन को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं, क्योंकि दिल्ली में इंडिया गठबंधन की दो प्रमुख पार्टियों में गठबंधन नहीं हुआ है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ रही हैं। जबकि लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों ही पार्टियों ने इंडिया गठबंधन के तले चुनाव लड़ा था।

उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा, “दिल्ली में क्या चल रहा है, इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। हमारा दिल्ली चुनाव से कुछ लेना देना नहीं है। जहां तक मुझे याद है कि इंडिया गठबंधन की कोई समय सीमा नहीं थी। इंडिया गठबंधन की कोई बैठक भी आयोजित नहीं की जा रही है इसी वजह से नेतृत्व, एजेंडा या हमारे अस्तित्व के बारे में कोई स्पष्टता नहीं है। अगर ये गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था तो इसे अब खत्म ही कर देना चाहिए।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “दिल्ली चुनावों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। दिल्ली विधानसभा चुनावों में जो राजनैतिक दल मैदान में हैं, वे तय करें कि भाजपा का मुकाबला कैसे करना है। इससे पहले 2 बार लगातार आप को वहां कामयाबी मिली थी। तो इस बार दिल्ली की जनता क्या फैसला करेगी उसके लिए हमें इंतजार करना होगा।”

सपा और टीएमसी का आप को समर्थन

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन की दो अन्य पार्टियों सपा और टीएमसी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का एलान कर दिया है। टीएमसी की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आप को समर्थन देने की घोषणा की। जिसके बाद से आप के राष्ट्रिय संयोजक अरविंद केजरीवाल निरंतर ममता बनर्जी का शुक्रिया अदा कर रहे हैं।

वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बिना किसी शर्त के आम आदमी पार्टी का दिल्ली चुनाव में समर्थन का एलान किया है। साथ ही यह भी साफ़ कर दिया कि उनकी पार्टी दिल्ली का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी।

अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर बयान देते हुए कहा कि जो भारतीय जनता पार्टी को हराएगा, सपा उसका साथ देगी। दिल्ली मे कांग्रेस के पास मजबूत संगठन नहीं है, ऐसे में हमारा दल आम आदमी पार्टी को समर्थन देगा। मैं आम आदमी पार्टी के साथ मंच शेयर करूंगा। दिल्ली में भाजपा को आप ही हरा पाएगी। ऐसे में जो भाजपा को हराएगा, सपा उसके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *