केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली चुनाव से पहले दिया बड़ा बयान, कहा दिल्ली में किसानों को मंहगी बिजली दी
दिल्ली में विधानसभा चुनावों में ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में सभी पार्टियां एक दूसरे पर तंज कस रही है। ऐसे में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली की आप सरकार पर आरोप लगाया है कि दिल्ली में किसानों को मंहगी बिजली दी जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल किसानों पर आपदा बनकर टूटे हैं।
दिल्ली कराह रही है
शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की आप सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “बीजग्राम योजना जिसके अंतर्गत अच्छे बीज किसानों को सब्सिडी पर मिलते हैं… बीजों को उत्पादन के लिए देते हैं… नर्सरी लगाने के लिए देते हैं, लेकिन दिल्ली की सरकार ने यहां के किसानों को इस योजना से वंचित रखा। दिल्ली कराह रही है… दिल्ली का हरित क्षेत्र नरक जैसा दिखता है। हमने दिल्ली सरकार को कहा कि आप प्रस्ताव भेजिए हम पैसा देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इन्होंने भेजा ही नहीं। केंद्र सरकार ने पहले जो पैसा भेजा वो खर्च ही नहीं किया।”
किसानों को मंहगी बिजली
केंद्रीय कृषि मंत्री ने दिल्ली के किसानों की बात करते हुए कहा, “उन्हें लगता है कि अगर केंद्र का पैसा आ जाएगा तो पीएम मोदी का नाम हो जाएगा। ऐसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा किसानों के कल्याण में बाधा नहीं बननी चाहिए। दिल्ली के किसान ट्रैक्टर लेते हैं तो कॉमर्शियल दरों पर रजिस्ट्रेशन होता है। फ्री बिजली की बात करने वाले सबसे उच्च दरों पर दिल्ली में किसानों को बिजली देते हैं। यमुना किनारे के किसानों के कनेक्शन ही काट दिए।”
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा, “दिल्ली में गंदा पानी किसानों के फसल को नष्ट कर देता है, लेकिन यहां उन्हें मुआवजा नहीं मिलता है। फसल बीमा योजना के तहत आखिरकार किसानों को फायदा क्यों नहीं दिया जा रहा है। दिल्ली के किसानों पर प्राकृतिक आपदा भारी नहीं है, यहां केजरीवाल आपदा बनकर टूटे हैं। खाद और बीज की दिल्ली सरकार की दुकान ही नहीं है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है इसलिए दिल्ली में दुर्दशा है।”
