पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, कल राजघाट पर होगा अंतिम संस्कार

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री की अचानक तबियत बिगड़ने पर कल रात 8 बजे एम्स में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका और रात 9.51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद दिल्ली एम्स की सुरक्षा बड़ा दी गयी और एम्स में नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया। मनमोहन सिंह के निधन की खबर के बाद कांग्रेस ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।

पीएम मोदी ने जताया दुःख

पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन विरल राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के महानतम सपूतों में से एक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।”

मैंने एक मार्गदर्शक खो दियाराहुल गाँधी

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।”

राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर आज होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए है। साथ ही 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *