महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए एकनाथ शिंदे ने की अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक, जल्द होगा सीएम के नाम का एलान
महाराष्ट्र में नयी सरकार के गठन के लिए कल गुरुवार को दिल्ली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक हुयी। एकनाथ शिंदे ने आज शुक्रवार को बताया कि राज्य में सरकार गठन के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ उनकी ‘‘अच्छी और सकारात्मक’’ बातचीत हुई। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने यह बयान मुंबई रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में अगली सरकार के गठन पर अंतिम फैसला राज्य की राजधानी में महायुति गठबंधन की आगामी बैठक में लिया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि इस बैठक में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी शामिल थे। इस बैठक में महाराष्ट्र में अगली सरकार के लिए सत्ता साझेदारी पर बातचीत की गई। विधानसभा चुनावों में बीजेपी गठबंधन को मिली शानदार जीत के बाद यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण थी। बैठक में सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर एक सहमति बनाने की कोशिश की गई जिसमें महायुति के अन्य सदस्य भी शामिल हैं।
नई सरकार गठन पर फैसला अगली बैठक में
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘यह बैठक बहुत अच्छी और सकारात्मक रही। चुनाव परिणाम आने के बाद यह पहली बैठक थी और इस बैठक में हम महाराष्ट्र के आगामी राजनीतिक दिशा और सरकार गठन को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं।“ साथ ही साथ शिंदे ने इस बैठक को आगामी बैठक के लिए एक सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इस बैठक की चर्चा आगे की प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शक का काम करेगी। मुंबई में महायुति के तहत एक और बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
