महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुयी आरोप प्रत्यारोप की राजनीती, उद्धव ठाकरे ने अमित शाह पर साधा निशाना
महाराष्ट्र में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पुणे में शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक रैली की। इस रैली में उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उद्धव ठाकरे ने कहा कि वो अहमद शाह अब्दाली के वंशज हैं। उन्होंने कहा कि आज से मैं अमित शाह को अब्दाली ही बोलूंगा। यदि आप मुझे नकली संतान बोलोगे तो मैं आपको अब्दाली बोलूंगा।
उद्धव ठाकरे ने रैली में आगे कहा, “नीतीश कुमार, चंद्र बाबू नायडू हिंदुत्व वादी व्यक्ति हैं क्या? अमित शाह बताएं उनका हिंदुत्व कैसा है? अब्दाली का वंशज पुणे में आकर बोल के गया। अमित शाह को संघ का हिंदुत्व मान्य है क्या? बीजेपी ने सत्ता जिहाद शुरू किया है। सत्ता जिहाद का मतलब सरकार बनाने के लिए इंसान चुराया जाता है, उसे सत्ता जिहाद कहते हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज ने हमे दूसरों का घर जलाना नहीं सिखाया है। शंकराचार्य ने कहा था कि विश्वासघात करने वाले हिन्दू नहीं। तुमने विश्वासघात किया है।”
या तो आप रहेंगे, या मैं रहूँगा– उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं किसी बग को चुनौती नहीं देता आपके पास इसके लिए क्षमता नहीं है। या तो आप रहेंगे, या मैं रहूंगा। कुछ लोगों को लगा कि मैं उन्हें चुनौती दे रहा हूं। मैं किसी बग को चुनौती नहीं देता। मैं एक सुसंस्कृत महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता हूं, जबकि आप महाराष्ट्र और पार्टी को लूटने वालों का प्रतिनिधित्व करते हैं। बग को चुनौती नहीं दी जानी चाहिए उन्हें अंगूठे से कुचल दिया जाना चाहिए।”
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, “आपने कहा कि मेरे साथ खिलवाड़ मत करो। आपके पास इतनी क्षमता नहीं है कि हम आपके साथ खिलवाड़ कर सकें। जो लोग विनाश करते हैं, वे सत्ता में नहीं रह सकते। इसलिए मैं कहता हूं कि या तो आप रहेंगे या मैं रहूंगा।”
