सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कांग्रेस ने कहा था राम हुए ही नहीं, रायबरेली से सीएम योगी का दावा

लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को रायबरेली पहुंचे। जहाँ जनसभा को सम्बोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा जब कांग्रेस की सरकार थी तब इन्होने कहा राम हुए ही नहीं थे। कांग्रेस ने ये झूठ सुप्रीम कोर्ट में कहा था। मुख्यमंत्री ने कहा राम मंदिर भारत में नहीं तो क्या इटली में बनेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली की जनता से कहा कि इस बार 400 पार में रायबरेली भी है। याद रखियेगा 500 साल में अब रामलला अवतरित हुए हैं। उन्होंने इस बार जन्मोत्सव भी मनाया और होली भी खेली है। हमारे कारण राम मंदिर का निर्माण हुआ। ये सौभाग्य का दिन देखने का अवसर किसी ने नहीं, बल्कि पीएम मोदी ने दिया है।

राहुल गाँधी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी का विरोध दो ही तरह के लोग कर रहे हैं एक तो राम विरोधी और दूसरा पाकिस्तान समर्थक। आज तक समझ नहीं आया कि राहुल गाँधी का पाकिस्तान से क्या कनेक्शन है। क्या ऐसे व्यक्ति का रायबरेली के लोग समर्थन करेंगे? जब इनकी सरकार थी तब इन्होने कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। राम मंदिर भारत में नहीं तो क्या इटली में बनेगा। सीएम योगी ने कहा, ”मैं अभी गाना सुन रहा था कि रामभक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि ये सपा और कांग्रेस के लोग ही राम मंदिर का विरोध करते थे। राम भक्तों पर गोली चलाने वालों, आतंकियों के मुकदमे वापसी करने वाले लोगों से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में थी तो ओबीसी के 27 फीसदी आरक्षण में इन्होने मुसलमानों को हिस्सेदार बनाने का प्रयास किया था। गरीबी को एक झटके में हटाने के लिए कांग्रेस हर नागरिक की सम्पत्ति का सर्वे कराकर ‘विरासत टैक्स’ लगा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *