चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी से हटे धोनी, ऋतुराज गायकवाड़ को मिली टीम की जिम्मेदारी
आईपीएल 2024 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स में बड़ा फेरबदल किया गया है। 2024 के आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान नहीं होंगे। उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। धोनी काफी लम्बे समय तक टीम के कप्तान रहे हैं, लेकिन वह अब इस जिम्मेदारी को नहीं संभालेंगे। धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को 5 बार ख़िताब जिताया है। धोनी का कप्तानी के साथ साथ बैटिंग में भी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। ऋतुराज गायकवाड़ भी प्रतिभाशाली खिलाडी है। इसी वजह से मैनेजमेंट ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के 2008 के सीजन से ही सीएसके के साथ जुड़े हुए हैं। चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में पांच बार ख़िताब अपने नाम किया है। सीएसके ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। सीएसके ने पिछले सीजन के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया था। चेन्नई ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीता था।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने कप्तानी को लेकर जारी किया बयान
चेन्नई सुपरकिंग्स ने कप्तानी को लेकर बयान जारी करते हुए कहा, ”महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2024 से पहले टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी है। ऋतुराज 2019 से टीम के साथ जुड़े हैं। वे अभी तक 52 मैच खेल चुके हैं।”
ऋतुराज का अबतक का प्रदर्शन
ऋतुराज के अबतक के आईपीएल प्रदर्शन को देखें तो वह अच्छा रहा है। उन्होंने अभी तक खेले 52 मैचों में 1797 रन बनाए हैं। इस दौरान 1 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। ऋतुराज का सर्वश्रेष्ठ आईपीएल स्कोर 101 रन रहा है। उन्होंने पिछले सीजन के 16 मैचों में 590 रन बनाए थे। इस सीजन में ऋतुराज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा था। ऋतुराज ने पहली बार 2020 में आईपीएल मैच खेला था। उन्हें इस सीजन के 6 मुकाबलों में खेलने का मौका मिला था।
